बरेली : शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के नदोसी गांव में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुल्हाड़ी, फावड़े और डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में दोनों पक्षों के कुल 4 लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।
तीन साल से चल रहा था खेत की मेड़ को लेकर विवाद
घायल भूप किशोर का आरोप है कि गांव के रहने वाले कैलाश और उसका परिवार पिछले तीन वर्षों से कई बार खेत की मेड़ काट चुके हैं। उनका कहना है कि कैलाश ने अपने खेत की मिट्टी बेच दी थी।जिससे उसका खेत नीचे हो गया। आरोप है कि इसके बाद वह बार-बार मेड़ काटकर उनके खेत का पानी अपनी ओर मोड़ देता था और धीरे-धीरे जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। मंगलवार को भी मेड़ काटने का विरोध किया गया तो विवाद बढ़ गया।
विरोध करने पर हुआ जानलेवा हमला
भूप किशोर के अनुसार विरोध करने पर कैलाश पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें रामचंद्र और भूप किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के कैलाश का आरोप है कि रामचंद्र और उसके साथियों ने उनकी खेत की मेड़ काट दी थी और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। विरोध करने पर रूप किशोर, चंद्रपाल, रामचंद्र और बबलू ने फावड़े और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें कैलाश, उसका पुत्र मनोज और पत्नी हीरा कली घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल भेजा, दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों की ओर से कार्रवाई जारी
सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने मीडिया को बताया कि नदोसी गांव में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
