नाइस जिम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल,सर्टिफिकेट और एलईडी टीवी देकर किया गया सम्मानित
बरेली : विश्व योग दिवस के अवसर पर मिनी बाईपास स्थित नाइस जिम में ओपन बरेली आर्म्स रेसलिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। पुरुष और महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं विभिन्न भार वर्गों में संपन्न हुईं।बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन के जिला सचिव नदीम खान ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। विभिन्न भार वर्गों में विजेताओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।
पीलीभीत के कलीम ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मुकाबला ओवरऑल चैंपियनशिप (चैंपियन ऑफ चैंपियंस) का रहा। जिसमें पीलीभीत के कलीम हुसैन ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष पवन सक्सेना ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल,प्रमाण पत्र और विशेष उपहार के रूप में एलईडी टीवी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की प्रेरणा देते हैं।
यह थे मौजूद
प्रतियोगिता के संचालन में निर्णायक मंडल की अहम भूमिका रही। निर्णायकों में शिवम वार्ष्णेय, प्रशांत पंडित, गोपाल शर्मा, फैजान अली और सचिन चन्दौसी शामिल रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन की सराहना की।
