फार्म हाउस में काम के दौरान जेल प्रशासन को चकमा देकर भागा पॉक्सो एक्ट में सजायाफ्ता कैदी, डीएम-एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
बरेली : यूपी के बरेली के इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से सोमवार को एक सजायाफ्ता कैदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदी की पहचान अमरोहा निवासी दिनेश पुत्र अरविंद के रूप में हुई है, जो पॉक्सो एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह पिछले छह वर्षों से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 40 कैदियों को जेल परिसर से जुड़े फार्म हाउस में काम कराने के लिए ले जाया गया था।इस दौरान 10 से 12 जेल वार्डर निगरानी में तैनात थे। काम के दौरान दिनेश मौका पाकर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार हो गया। कैदी के गायब होने की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
पहले ट्रैक्टर लेकर फरार हुआ था कैदी
बताया जा रहा है कि जिस फार्म हाउस में कैदियों से काम कराया जाता है। वहां कोई चाहरदीवारी नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र से एक कैदी ट्रैक्टर लेकर फरार हो चुका है। प्रारंभिक जांच में निगरानी में लापरवाही सामने आने पर जेल प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जेल वार्डर और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इस घटना की सूचना मिलते ही डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य केंद्रीय कारागार पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
जेल बॉर्डर समेत कई कर्मचारी सस्पेंड
इस मामले में अधिकारियों ने जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बिजनौर और अमरोहा पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।
सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अविनाश ने मीडिया को बताया कि लापरवाही बरतने के आरोप में जेल वार्डर विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, मुकेश कुमार, मोहित कुमार तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय कुमार और यशपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। फरार कैदी की तलाश जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।
