संस्थापक अभिजीत दीपके ने वीडियो संदेश जारी कर समर्थकों से कुछ दिन परिवार के साथ बिताने को कहा, तिहाड़ जेल में बंद सौरव दास और आशुतोष रांका का भी किया जिक्र
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को अपने समर्थकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने घोषणा की कि दिवाली तक कोई प्रदर्शन नहीं होगा। दीपके ने समर्थकों से कुछ दिनों का विराम लेने और त्योहार के दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताने की अपील की। वह अपने समर्थकों को ‘कॉकरोच’ कहकर संबोधित करते हैं। 16 मिनट से अधिक लंबे वीडियो संदेश में दीपके ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में जो घटनाएं हुई हैं, उन्हें देखते हुए समर्थकों के परिवार चिंतित हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें कुछ समय अपने परिजनों और करीबियों के साथ बिताना चाहिए।
सौरव दास और आशुतोष रांका का किया जिक्र
अपने संदेश में अभिजीत दीपके ने तिहाड़ जेल में बंद सौरव दास और आशुतोष रांका का भी उल्लेख किया। खबर के मुताबिक, सोमवार को अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी थी। दीपके ने कहा कि सौरव छह दिन से अधिक समय से जेल में हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अदालत में मुस्कुराते हुए आते हैं। उन्होंने सौरव की मां से बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बेटे को लेकर चिंता नहीं करने और उसके मजबूत होने की बात कही है। दीपके ने आशुतोष रांका के परिवार का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, आशुतोष के चाचा का निधन हो गया, लेकिन जेल में होने के कारण वह अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद परिवार का कहना है कि आशुतोष सही मुद्दे के लिए लड़ रहे हैं।
‘हम नफरत के खिलाफ लड़ रहे हैं’
अभिजीत दीपके ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि उनका आंदोलन नफरत के खिलाफ है। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे विरोध के दौरान नफरत या गुस्से का जवाब उसी तरीके से न दें। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्याग्रह के रास्ते पर चलने की बात कही। दीपके ने कहा कि सौरव और आशुतोष बिना गुस्से और नफरत के जेल गए हैं। उन्होंने समर्थकों से आग्रह किया कि त्योहारों के दौरान परिवार के साथ रहते हुए भी दोनों को याद रखें, क्योंकि वे इस समय अपने परिवारों से दूर हैं।
‘हमारे इमोशन्स हमारी कमजोरी नहीं, ताकत हैं’
वीडियो के आखिर में दीपके ने आलोचना करने वालों और इंटरनेट पर उनका मजाक उड़ाने वालों को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भावनाएं उनकी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत हैं और वे डरने वाले नहीं हैं। दिवाली तक प्रदर्शन स्थगित करने के संदेश के जरिए दीपके ने समर्थकों को कुछ समय परिवार के साथ बिताने और आंदोलन से जुड़े साथियों के प्रति एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
