बरेली : जिले में आयोजित होने वाले NEET (UG) RE -EXAM-2026 को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर कुल 11,492 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू हो गई है। यह शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आईटीबीपी (ITBP) के साथ स्थानीय पुलिस को सौंपी गई है।
24 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर 6 परीक्षा केंद्र विशेष रूप से चिन्हित किए गए हैं। नियमानुसार दिव्यांग परीक्षार्थियों को अतिरिक्त समय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें। अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हर परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस बल, कड़ी होगी निगरानी
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। हर केंद्र पर अभ्यर्थियों की तलाशी (फ्रिस्किंग) के लिए एक उपनिरीक्षक, तीन पुरुष हेड कांस्टेबल और दो महिला हेड कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। वहीं परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार और परिसर में लगातार निगरानी रखने के लिए भी अलग से एक उपनिरीक्षक,दो पुरुष हेड कांस्टेबल और दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
72 उपनिरीक्षक समेत 312 पुलिसकर्मियों ने संभाली सुरक्षा की कमान
पुलिस विभाग के अनुसार जिले के सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 72 उपनिरीक्षक, 144 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल तथा 96 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्र थाना कोतवाली, बारादरी, इज्जतनगर, प्रेमनगर, कैंट, किला, सीबीगंज और हाफिजगंज थाना क्षेत्रों में स्थित हैं। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम कर लिए गए हैं और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
