International Yoga Day 2026 : उत्तर प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, झांसी में सीएम योगी ने किया योगाभ्यास
‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ थीम के साथ प्रदेशभर में आयोजित हुए कार्यक्रम, जन-जन को योग से जोड़ने का संदेश
लखनऊ/झांसी : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में शनिवार को उत्साह और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ रखी गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
राजभवन में राज्यपाल ने किया योगाभ्यास

राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन लॉन में सुबह 6 बजे आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
झांसी में मुख्यमंत्री योगी ने किया योग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि योग आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन की दिशा दिखा रहा है और विकसित भारत के निर्माण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
भाजपा ने दिया ‘योग से निरोग’ का संदेश
विश्व योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने महाराजगंज में किया योग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महाराजगंज में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
वरिष्ठ नेताओं ने भी किया योग
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने हापुड़ में, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के राजाजीपुरम क्षेत्र में आयोजित योग कार्यक्रमों में भाग लिया।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी
प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, नगर निकाय प्रतिनिधियों, आयोगों एवं बोर्डों के पदाधिकारियों सहित भाजपा संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ योग कार्यक्रमों में सहभागिता की।
मंडल स्तर तक आयोजित हुए योग शिविर
भाजपा द्वारा प्रदेशभर में मंडल स्तर तक योग शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और व्यावसायिक संगठनों ने भी विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को नियमित योग करने, तनावमुक्त जीवन जीने और स्वस्थ शरीर के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। प्रदेशभर में हुए इन कार्यक्रमों के माध्यम से योग को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।
