फरीदपुर के ढकनी गांव में बंटवारे को लेकर हुआ विवाद, बेटा-बहू पर हॉकी और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, दोनों फरार
बरेली : यूपी के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति बंटवारे का विवाद एक परिवार के लिए त्रासदी बन गया। जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में बेटे और बहू पर अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय किसान डालचंद्र राठौर उर्फ डोरीलाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज मारपीट के मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरीदपुर क्षेत्र के ढकनी गांव निवासी डालचंद्र राठौर के परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह इसी मुद्दे को लेकर घर में कहासुनी शुरू हुई।
जमीन बेचने का था दवाब
आरोप है कि बेटा गोपी और उसकी पत्नी ज्ञान देवी जमीन बेचने का दबाव बना रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों ने डालचंद्र की पत्नी पुष्पा के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी को बचाने के लिए जब डालचंद्र बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोप है कि गोपी और ज्ञान देवी ने उन पर हमला कर दिया। दोनों ने कथित तौर पर हॉकी और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में डालचंद्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पैर में भी फ्रैक्चर हो गया। गंभीर रूप से घायल किसान मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। इस घटना के बाद आरोपी बेटा और बहू घर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने घायल डालचंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पांच दिनों तक उनका इलाज चला। शुक्रवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम को भेजा शव
मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे गोपी और बहू ज्ञान देवी के खिलाफ पहले से दर्ज मारपीट के मुकदमे में अब हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ा दी गई हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और संपत्ति को लेकर बढ़ते तनाव ने एक पिता की जान ले ली, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
