बहेड़ी तहसील में सुनीं जन शिकायतें, चकबंदी और भूमि विवादों के मामलों की रही भरमार, किसानों की समस्याओं पर भी जताई गंभीरता
बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने आम जनता की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें चकबंदी, भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़ी सामने आईं। जिनके निस्तारण के लिए डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान नगर निवासी अरुण कुमार ने गाटा संख्या 17, शेखूपुर सड़क टांडा स्थित नगर पालिका की भूमि पर अवैध दुकानों के निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एसडीएम इशिता किशोर ने बताया कि मामले में पीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के तलाब पर कब्जे की शिकायत

नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ने गाटा संख्या 200/3 स्थित टीका के तालाब पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए जाने का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। समाधान दिवस में किसानों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। नजरगंज निवासी किसान यासीन ने कृषि विभाग से खरीदी गई गेहूं काटने की मशीन में खराबी की शिकायत करते हुए बताया कि विभाग उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। इस पर डीएम ने जिला कृषि रक्षा अधिकारी ऋतुजा तिवारी को तत्काल जांच कर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
नियमों के अनुरूप थी केसर शुगर मिल : डीएम
केसर चीनी मिल की भूमि नीलामी के संबंध में डीएम ने कहा कि पूर्व में हुई नीलामी पूरी तरह नियमों के अनुरूप थी। यदि भविष्य में अधिक कीमत की बोली लगाने वाले सामने आते हैं तो प्रशासन किसानों के हित में अधिक मूल्य देने वाले पक्ष को प्राथमिकता देगा, ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके। डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें केवल कागजी कार्रवाई के आधार पर बंद नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही शिकायत का वास्तविक निस्तारण माना जाएगा।समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक देहात, शिक्षा विभाग, गन्ना विभाग, मत्स्य विभाग समेत बहेड़ी, रिछा और देवरनिया के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर कई शिकायतों का निस्तारण भी किया।
