अयोध्या दौरे के बाद सपा प्रमुख का CM योगी पर हमला, ट्वीट कर पूछे कई तीखे सवाल
लखनऊ : अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के भाषण, अयोध्या दौरे और एसआईटी जांच को लेकर कई सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में कहा कि मुख्यमंत्री के भाषण में बयान कम और धमकी अधिक दिखाई दी। उन्होंने सवाल किया कि अयोध्या का यह कार्यक्रम अचानक तय किया गया था या उसी दिन इसकी योजना बन गई थी, जिस दिन एसआईटी का गठन किया गया था।सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा के स्थानीय विधायक और पदाधिकारी अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए इस कार्यक्रम को कराने के पक्ष में थे। उन्होंने कहा कि जनता में भाजपा के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और आगामी चुनावों में इसका असर दिखाई दे सकता है।
एसआईटी की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने एसआईटी की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच को प्रभावित करने का कोई प्रयास नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच टीम के कुछ सदस्य पहले से ही विवादों में रहे हैं, जिससे जांच की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अपने ट्वीट में उन्होंने मुख्यमंत्री की बॉडी लैंग्वेज और भाषण शैली पर भी टिप्पणी की। इसके साथ ही अयोध्या में मंदिर निर्माण और श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन, बहुमूल्य धातुओं तथा आभूषणों के हिसाब-किताब को सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
गिरती पानी की टंकियों को लेकर भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक न्यूज चैनल की वीडियो रिपोर्ट साझा करते हुए प्रदेश में पानी की टंकियों की गुणवत्ता को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिससे टंकियों के गिरने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के धन से बनने वाली परियोजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मऊ-आनंद विहार ट्रेन के उद्घाटन पर बवाल, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव मऊ -आनंद विहार ट्रेन के संचालन के बाद हुए कथित हंगामे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि सपा सांसद राजीव राय के प्रयासों से शुरू हुई ट्रेन के उद्घाटन के दौरान जानबूझकर तनावपूर्ण माहौल बनाया गया। अखिलेश यादव ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बाहरी राज्यों के अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि मामले में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए, अन्यथा सरकार की भूमिका पर सवाल उठेंगे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
