बदायूं: जिले के उसैहत थाना क्षेत्र में सगी बहनों के बीच हुई मामूली कहासुनी एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। नाराज होकर एक अविवाहित युवती ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहन से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
मामला उसैहत थाना क्षेत्र के खेड़ा जलालपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार रागिनी नाम की अविवाहित युवती की अपनी सगी बहन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद रागिनी नाराज होकर अपने कमरे में चली गई, जहां उसने दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
परिजनों में मचा कोहराम, सूचना पर पहुंची पुलिस
कुछ देर बाद जब परिजनों ने रागिनी को कमरे में देखा तो वह फंदे से लटकी मिली। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं
