बरेली : यूपी के बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव धनौरा गौरी के पास एक खेत में अज्ञात युवक का अधजला शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर सिरौली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मीरगंज मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की आशंका नजर आ रही है। अधिकारियों का मानना है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया और बाद में खेत में फेंक दिया गया। शव बुरी तरह से जला होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
कही और हत्या के बाद शव फेंकने की उम्मीद
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस की जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि घटनास्थल रामपुर और बदायूं जनपद की सीमाओं के करीब स्थित है। ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को बरेली जिले की सीमा में लाकर फेंका गया हो।
जानें क्या बोली पुलिस
इस संबंध में बदायूं के बिसौली और रामपुर के शाहबाद थाना पुलिस को भी सूचना दी गई है, ताकि हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी या अन्य मामलों का मिलान किया जा सके।क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और पड़ोसी जिलों से भी संपर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
जल्द घटना का होगा खुलासा
पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अधजला शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस पहचान और हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए हर संभावित पहलू की जांच में जुटी हुई है।
