बरेली में युवक की गोली मारकर हत्या के बाद उबाल, सड़क जाम कर परिजनों ने किया प्रदर्शन, पुलिस बोली- जल्द होगा खुलासा
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के संजयनगर में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मृतक के परिजनों ने हंगामा कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग भी उठाई।हंगामे के चलते करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और सड़क से हटे। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
सिर में गोली मारकर की हत्या
जानकारी के अनुसार, गोसाईं गौटिया निवासी अर्जुन मौर्य सोमवार रात डेलापीर स्थित एक बारातघर से काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगने से अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पिता ने तीन लोगों को किया नामजद
मृतक के पिता राकेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। रिपोर्ट में कुश, अर्पित और कपिल को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही कुछ अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने की आशंका जताई गई है। परिजनों का कहना है कि आरोपी उनके घर के आसपास ही रहते हैं और डीजे व बारातघर से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। पुलिस अब सभी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
प्रेम-प्रसंग की चर्चा, लेकिन पुलिस जांच जारी
हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि मृतक के पिता ने अपनी तहरीर में इस संबंध में कोई उल्लेख नहीं किया है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्य जुटाने में लगी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अर्जुन मौर्य अपने परिवार का इकलौता बेटा था, और परिवार की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। बेटे की हत्या के बाद पिता राकेश मौर्य और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि परिवार का सहारा छिन गया है। राकेश मौर्य राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव भी हैं। घटना के बाद संगठन से जुड़े लोग भी परिवार के समर्थन में सामने आए हैं।
पुलिस का दावा- जल्द होगा राजफाश
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि परिवार द्वारा बताए गए नामों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम कई महत्वपूर्ण सुरागों पर काम कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
