बरेली: शहर की सुभाषनगर थाना पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात का खुलासा कर एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। इसके बाद उसे दबोच लिया गया।उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और अवैध तमंचा बरामद हुआ है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
बीडीए गेट के पास हुई थी मोबाइल छिनैती
पुलिस के अनुसार 14 जून को विशाल नामक युवक ने थाना सुभाषनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को जब वह रामगंगा से बरेली की ओर आ रहा था और बीडीए गेट के पास मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
16 जून की रात करीब एक बजे सुभाषनगर पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश बाइक पर सवार होकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरेली -बदायूं रोड पर कामख्या देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, एक गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल होकर गिर पड़ा।उसकी पहचान समीर, निवासी जगतपुर चौकी, सब्जी मंडी, थाना बारादरी के रूप में हुई। जबकि उसका दूसरा साथी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल समीर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
4 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर आरोपी
गिरफ्तार समीर के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, छिनैती में लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ और अवैध असलाह के मामले में अलग मुकदमा दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि समीर के खिलाफ बरेली के अलग-अलग थानों में अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी समेत चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
