मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब संभल रोड स्थित एक मैटल और स्टील फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते फैक्ट्री से आसमान में धुएं का विशाल गुबार उठने लगा, जिसे कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
जानकारी के अनुसार मैनाठेर थाना क्षेत्र के फरीदपुर स्थित मैटल एवं स्टील फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री से धुआं और आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड के जवान लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। फैक्ट्री परिसर में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया। घटना की सूचना पर मैनाठेर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। फायर विभाग और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा। फैक्ट्री में आग लगने की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग लगातार घटनास्थल की जानकारी लेने में जुटे हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
रिपोर्ट: रेहान,मुरादाबाद
