नई दिल्ली/लखनऊ : इंडिया गठबंधन की अहम बैठक से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना और देश को “बंधु-राष्ट्र” की भावना के साथ आगे बढ़ाना है।
‘यूपी में अब महिलाएं भी नाराज’
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं भी सरकार की नीतियों से असंतुष्ट दिखाई दे रही हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान जिन योजनाओं के तहत लोगों के खातों में धनराशि भेजी गई थी, अब उन्हीं मामलों में शिकायतें और एफआईआर दर्ज होने की बातें सामने आ रही हैं।
राहुल गांधी पर उठे सवालों पर भाजपा को घेरा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर उठ रहे सवालों के जवाब में अखिलेश यादव ने भाजपा पर विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर संसाधनों और धन का इस्तेमाल करती है।
बैठक के बाद किया ट्वीट
INDIA गठबंधन की बैठक के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हम ‘बंधु-राष्ट्र’ बनाएंगे!”। उनके इस संदेश को विपक्षी एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
23 दलों के नेता हुए शामिल
दिल्ली में आयोजित INDIA गठबंधन की बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत 23 विपक्षी दलों के नेताओं ने भाग लिया। बैठक में संसद के आगामी सत्र और केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति पर चर्चा की गई। विपक्षी दलों ने लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया।
ट्रस्ट की सफाई पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी को लेकर ट्रस्ट की सफाई पर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण स्पष्ट नहीं है और इससे शंकाएं और बढ़ी हैं। अखिलेश ने सभी ट्रस्टियों को एक साथ बैठाकर पूरे मामले पर जवाब देने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आंकड़ों का मिलान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सनातन समाज को पारदर्शी और संतोषजनक जवाब मिलना चाहिए।
ओपी राजभर विवाद पर अखिलेश का हमला, बोले- मुख्यमंत्री दें जवाब
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने मंत्री ओपी राजभर से जुड़े कथित विवादित वीडियो को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि यदि वीडियो सही है तो मुख्यमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए, क्योंकि मंत्रियों का चयन सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में एक समाज विशेष और एक राजनीतिक दल के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली बातें कही गई हैं। अखिलेश ने मामले को घोर आपत्तिजनक और निंदनीय बताते हुए संबंधित पक्षों से स्पष्ट जवाब की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि वीडियो वास्तविक है तो इस पर सरकार की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।
