बरेली: ज़िले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी केशव पटेल को छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने आरोपी को जिले की सीमा से बाहर करते हुए पीलीभीत बॉर्डर पर छोड़ा और सख्त चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि के दौरान बरेली में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की गई। इसके तहत बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने आरोपी केशव पटेल को छह माह के लिए जनपद बरेली की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को पीलीभीत बॉर्डर तक पहुंचाकर आदेश का पालन कराया।
कई संगीन मामलों में दर्ज हैं मुकदमें
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 22 वर्षीय केशव पटेल निवासी कमुआ खुर्द, थाना बिथरी चैनपुर के खिलाफ थाना इज्जतनगर में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ दर्ज मामलों और आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे समाज के लिए खतरा माना है।
लोगों में था खौफ, सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम
पुलिस का कहना है कि आरोपी की क्षेत्र में दबंग और भय पैदा करने वाले व्यक्ति के रूप में पहचान रही है। उसके डर की वजह से कई लोग शिकायत करने या अदालत में गवाही देने से भी कतराते थे। जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने उसे जिला बदर करने का फैसला लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी जिला बदर की अवधि के दौरान बरेली में प्रवेश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
