बरेली: शहर के कैंट थाना क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ -साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। घर के सभी दरवाजे बंद थे, मकान चारों तरफ से सुरक्षित था और परिवार के सदस्य अलग-अलग जगहों पर सो रहे थे, लेकिन इसके बावजूद अज्ञात चोर घर में घुसे और लाखों रुपये की नकदी तथा सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बंद मकान और सोता परिवार, फिर कैसे हुई लाखों की चोरी?

पीड़ित मुनेंद्र पाल निवासी ग्राम चौबारी, थाना कैंट ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 5 जून की रात परिवार के सभी सदस्य देर रात तक अपने कार्यों में व्यस्त थे। इसके बाद सभी लोग सो गए।परिवार के कुछ सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे, जबकि नीचे आंगन में एक महिला और एक कमरे में पति-पत्नी सो रहे थे। मकान के दूसरे कमरे में स्टील की अलमारी में नकदी और जेवरात रखे हुए थे। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो पता चला कि अलमारी का लॉक टूटा हुआ है और उसमें रखा कीमती सामान गायब है।
8 तोला सोना और 3.5 लाख रुपये नकद गायब

शिकायत के अनुसार चोर अलमारी में रखे करीब 8 तोला सोने के आभूषण और लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के दौरान घर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को कोई आहट तक महसूस नहीं हुई। इससे यह मामला और भी रहस्यमय बन गया है।
पुलिस जांच में जुटी, कई पहलुओं पर हो रही पड़ताल
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर चोर मकान में दाखिल कैसे हुए और इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देकर बिना किसी को भनक लगे कैसे फरार हो गए। मकान की बनावट, संभावित रास्तों और आसपास की गतिविधियों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी संजय धीर का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा
