मुरादाबाद : पुलिस ने 1 जून को हुई चर्चित फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मनीष को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। देर रात मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद स्थित एमडीए कार्यालय के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनीष के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 1 जून को चौकी के पास हुई फायरिंग की घटना में विवेक नामक युवक घायल हुआ था। जांच में सामने आया कि नारियल पानी के कारोबार को लेकर चल रहे विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मनीष, अमन ठाकुर, संतोष, दीपक, वरुण ठाकुर और अंकित समेत छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने किए पर पछतावा जताया है और भविष्य में अपराध से दूर रहने की बात कही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
