बिना मंजूरी काटे जा रहे थे प्लॉट, बीडीए की टीम ने सड़क और बाउंड्रीवाल भी तोड़ी
बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने इज्जतनगर क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लॉटिंग, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा।
बिना मंजूरी के काटे जा रहे थे प्लॉट

बीडीए के अनुसार, ग्राम खजुरिया में तौफीक नामक व्यक्ति करीब 12 हजार वर्गमीटर भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी विकसित कर रहा था। यहां प्लॉटों का चिन्हांकन किया जा चुका था और सड़क व बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जा रहा था।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने के बाद बीडीए ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई की। सहायक अभियंता विनोद कुमार, अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
बीडीए ने लोगों को किया सतर्क
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या मकान को खरीदने से पहले उसकी वैधता और मानचित्र स्वीकृति की जांच जरूर कर लें। बीडीए ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के की गई प्लॉटिंग और निर्माण अवैध है, जिसके खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
