प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दर्दनाक हादसा, प्रयागराज के फार्मासिस्ट की मौके पर मौत, जीआरपी ने दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे
बरेली : उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन पर रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। एक ओर त्रिवेणी एक्सप्रेस से सफर कर रहे प्रयागराज निवासी फार्मासिस्ट विजय कुमार की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई, वहीं स्टेशन परिसर में रहने वाली एक बीमार महिला ने भी दम तोड़ दिया। जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार प्रयागराज निवासी 51 वर्षीय विजय कुमार अपनी पत्नी अंजना राय के साथ त्रिवेणी एक्सप्रेस से घर लौट रहे थे। इससे पहले दोनों इज्जतनगर के कर्मचारी नगर स्थित अपनी रिश्तेदार वंदना का हालचाल लेने आए थे, जो काफी समय से बीमार चल रही हैं। वॉशरूम जाते समय हुआ हादसा बताया जा रहा है कि ट्रेन के बरेली जंक्शन पहुंचने पर विजय कुमार वॉशरूम जाने के लिए उठे। इसी दौरान अचानक झटका लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर पड़े। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना को देख एक यात्री ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
कौशांबी में तैनात थे फार्मासिस्ट
सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विजय कुमार कौशांबी जनपद में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया है। इंस्पेक्टर जीआरपी सुशील कुमार वर्मा ने The justice Hindi को बताया कि ट्रेन के कोच से गिरने के कारण फार्मासिट की मौत हो गईं। उनकी पत्नी स्वस्थ हैं। शव कब्जे के लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बीमार महिला की भी मौत
इसी बीच बरेली जंक्शन परिसर में भीख मांगकर गुजर-बसर करने वाली एक बीमार महिला की भी मौत हो गई। महिला काफी समय से अस्वस्थ बताई जा रही थी।सूचना पर पहुंची जीआरपी ने महिला के शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला का शव भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
जांच में जुटी रेलवे पुलिस
जीआरपी दोनों मामलों की जांच कर रही है। रेलवे पुलिस का कहना है कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
