महिला दरोगा मामले में एसपी चीफ का हमला, बोले- ‘FIR हो, न्याय हो, माफियाओं के नाम भी बताए गए या नहीं?
हमीरपुर पुल हादसे पर बोले- ‘भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे निर्माण कार्य
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने NEET री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक और गड़बड़ी के लिए पोस्टल विभाग और स्थानीय व्यवस्था जिम्मेदार है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके मंत्रालय की कोई गलती नहीं है, जबकि सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अब री-एग्जाम के प्रश्न पत्र वायु सेना के जरिए भेजने की बात कही जा रही है, जिससे यह सवाल खड़ा होता है कि आखिर पहले सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों थी।
गलत तत्वों को फायदा पहुंचाने की आशंका
सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि NEET जैसे परीक्षा के प्रश्न पत्रों की प्रिंटिंग और ट्रांसपोर्टेशन पूरी तरह “सुपर कॉन्फिडेंशियल” प्रक्रिया होती है। ऐसे में सार्वजनिक रूप से यह बताना कि पेपर कहां से और किस माध्यम से पहुंचेंगे, गलत तत्वों को फायदा पहुंचा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की जानकारी का दुरुपयोग भी हो सकता है। अखिलेश यादव ने परीक्षा की कॉपियों की सुरक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रश्न पत्रों की सुरक्षा की बात करना काफी नहीं है, बल्कि परीक्षा से लेकर मूल्यांकन तक पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना जरूरी है।
एग्जाम को लेकर गंभीर नहीं सरकार
उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा को लेकर पहले भी पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों पर देशभर में विवाद हो चुका है। लाखों अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर चिंता बनी हुई है। ऐसे में विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।
महिला दरोगा मामले पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- ‘FIR हो, न्याय हो’
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने लखनऊ में महिला दरोगा के साथ कथित कुकर्म और FIR दर्ज न होने के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “FIR हो, न्याय हो!” उन्होंने कहा कि महिला दरोगा की शिकायत पर कार्रवाई न होना बेहद शर्मनाक और घोर निंदनीय है। सपा प्रमुख ने भाजपा की महिला नेताओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि ‘महिला आरक्षण’ के नाम पर प्रदर्शन करने वाली महिलाएं इस घटना से सबसे ज्यादा शर्मिंदा होंगी। उन्होंने सरकार से मामले में तत्काल FIR दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
माफियाओं के नाम भी बताए गए या नहीं?
सपा प्रमुख ने असलहों की सूची को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि “इनका मतलब है ये काम हम खुद करते हैं, कोई और इनके एकाधिकार में हस्तक्षेप नहीं कर सकता है।”अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि कोर्ट द्वारा मांगी गई असलहों की सूची क्या माफियाओं के नाम के साथ भेजी गई है या बिना नाम के। उन्होंने इशारों में कानून व्यवस्था और अपराध पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
हमीरपुर पुल हादसे पर बोले- ‘भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे निर्माण कार्य
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना पर गहरा दुख जताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत बेहद दुखदायी है और घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिलना चाहिए। अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और राहत-बचाव कार्य तेज करने की मांग की। साथ ही सपा कार्यकर्ताओं से पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने की अपील की। सपा प्रमुख ने ट्वीट में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय में हो रहे निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हर काम में 50 प्रतिशत से ज्यादा कमीशनखोरी इसकी मूल वजह है।” उन्होंने पुल, पानी की टंकी और रेलवे स्टेशन की दीवार गिरने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने लखनऊ रेलवे जंक्शन के शेड गिरने का वीडियो भी साझा करते हुए तंज कसा और कहा कि जो पुल हवा से टूट रहे हैं, उन पर ट्रैफिक चलने पर क्या होगा, इसकी कल्पना ही डर पैदा करती है। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई
