बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में परिवारों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। एक युवक फोन आने के बाद घर से निकला था, जबकि दूसरा युवक कई दिनों से लापता चल रहा था। घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के नहर कोठी इलाके में युवक की मौत
फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नहर कोठी निवासी अभिषेक कुमार सागर गुरुवार को घर पर थे, तभी उनके पास किसी का फोन आया। परिजनों के मुताबिक फोन आने के बाद वह घर से बाहर चले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उनकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि अभिषेक की तीन माह पहले ही बेटी हुई थी और वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में भी चल रहे थे। चार भाइयों में सबसे छोटे अभिषेक की मौत के बाद पत्नी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फरीदपुर के फर्रखपुर मोहल्ले से लापता हुआ था सोनू
दूसरी घटना फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला फर्रखपुर की है। यहां रहने वाला सोनू 24 मई को अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था।सोनू की मां मुन्नी देवी ने बताया कि उन्होंने दोस्त को घर लाने का विरोध किया था। इसके बाद सोनू उसके साथ बाहर चला गया। उसी रात पुलिस को रेलवे ट्रैक के किनारे खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव मिला था, लेकिन पहचान न होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर परिवार तीन दिन तक सोनू को तलाश करता रहा। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर देखने के बाद परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई।
इंस्पेक्टर बोले- दोनों मामले पुराने, जांच जारी
फरीदपुर इंस्पेक्टर ने THE JUSTICE HINDI को बताया कि दोनों मामले पुराने हैं, जिनमें एक युवक की पहचान आज हुई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों युवक घर से नाराज होकर निकले थे,और बॉडी भी रेलवे ट्रैक के पास मिली है, जिससे प्रतीत हो रहा है ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है,फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
