RSETI संस्थान में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का किया निरीक्षण, बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग के दिए निर्देश
पीलीभीत : स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) सतीश प्रसाद मिश्रा और उपायुक्त स्वतः रोजगार (DC NRLM) वंदना सिंह ने बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (RSETI) पीलीभीत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थान में चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जायजा लिया। इस दौरान सर्फ, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, फिनाइल, टॉयलेट क्लीनर, हैंडवॉश और ग्लास क्लीनर निर्माण से जुड़े प्रशिक्षण बैचों की गतिविधियों को देखा गया।

प्रशिक्षणार्थियों को हर संभव सहायता देने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को गुणवत्तापूर्ण रॉ मटेरियल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही तैयार उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि प्रशिक्षण लेने वाले युवक-युवतियां स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।
महिला टेलरिंग बैच का हुआ शुभारंभ
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, DC NRLM वंदना सिंह और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर महिला टेलर (Women’s Tailor) बैच का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी (DDO) संजय कुमार, RSETI निदेशक रवि कुमार, डिस्ट्रिक्ट मिशन मैनेजर समेत संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण से महिलाएं खुद का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
