बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्रा ने स्टेशन के फुट ओवरब्रिज से अचानक नीचे छलांग लगा दी। हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद यात्रियों और जीआरपी कर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल छात्रा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दोपहर में हुई घटना, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की है। भोजीपुरा रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज से रोजाना की तरह यात्री गुजर रहे थे। इसी दौरान करीब 22 वर्षीय एक युवती अचानक फुट ओवरब्रिज से नीचे कूद गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना होते ही स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत जीआरपी और रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी।मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।

हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्रा की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक युवती को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
कागजातों से हुई पहचान
भोजीपुरा जीआरपी चौकी प्रभारी सिद्धार्थ गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि युवती के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के जमुनी छोटा फाटक निवासी दीपा सक्सेना के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम मुकेश सक्सेना बताया गया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इसके बाद परिवार के लोग बरेली के लिए रवाना हो गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा भोजीपुरा स्टेशन क्यों पहुंची थी, और उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। जीआरपी का कहना है कि परिजनों के आने और छात्रा की स्थिति सामान्य होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
