तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच हुआ बड़ा हादसा, कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका
हमीरपुर : जिले में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

निर्माणाधीन पुल का स्लैब भरभराकर गिरा
जानकारी के अनुसार थाना ललपुरा क्षेत्र के मोराकंदर परसानी और थाना कुरारा क्षेत्र के नैथी गांव को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार रात करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कई मजदूर स्लैब के नीचे और आसपास विश्राम कर रहे थे। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूर मलबे में दब गए।
तीन मजदूर पुल के पिलर पर फंसे
घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक छह मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य मजदूरों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि तीन मजदूर पुल के पिलर पर फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान बांदा जनपद के चिल्ला निवासी लोकेंद्र निषाद (22), कुलदीप निषाद (19), भूरागढ़ निवासी सावंत यादव (28), सभाजीत (30), हमीरपुर के स्वासा खुर्द निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) तथा अचपुरा निवासी राजेश पाल (42) के रूप में हुई है।
आंधी-तूफान ने जिलेभर में मचाई तबाही
उधर, जिले में आए भीषण आंधी-तूफान से कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई मकानों के टीनशेड उड़ गए। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए और यातायात प्रभावित रहा। तेज बारिश के कारण जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
निर्माणाधीन पुल के स्लैब के नीचे मजदूरों के ठहरने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षा प्रबंधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की आशंका भी जताई जा रही है। जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
सीएम योगी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में बेतवा नदी पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है।
