शाहजहांपुर : एसओजी, सर्विलांस टीम और चौक कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फेक पेमेंट एप के जरिए ठगी करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को बरेली-सीतापुर हाईवे पर गांव मौजमपुर के पास से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए दुकानदारों और पेट्रोल पंप कर्मियों को फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर ठगी करते थे।
बरेली के दो सगे भाई भी शामिल
इंस्पेक्टर क्राइम पवन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बरेली के थाना कैंट क्षेत्र के मोहल्ला नकटिया निवासी राज गुप्ता और उसका बड़ा भाई आयुष गुप्ता शामिल हैं। तीसरा आरोपी अंशुल मिश्रा है, जो मूल रूप से बरेली का रहने वाला है और वर्तमान में शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र के हिंदू पट्टी मोहल्ले में रह रहा था। पुलिस के अनुसार राज गुप्ता ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की है, जबकि अंशुल और आयुष इंटरमीडिएट तक पढ़े हैं।
इंटरनेट से डाउनलोड किया था फेक पेमेंट एप
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने इंटरनेट पर देखकर एक फेक पेमेंट एप डाउनलोड किया था। यह एप बिल्कुल असली ऑनलाइन पेमेंट एप की तरह दिखाई देता था। पुलिस के मुताबिक इस एप से भुगतान करने पर मोबाइल स्क्रीन पर “पेमेंट सक्सेसफुल” दिखता था, लेकिन वास्तव में न तो खाते से पैसा कटता था और न ही सामने वाले के खाते में पहुंचता था। इससे दुकानदारों और अन्य लोगों को धोखे में रखा जाता था।
कपड़ों की दुकान से की थी ठगी
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 25 मई को उन्होंने शाहजहांपुर के मोहल्ला महमंद गढ़ी निवासी नावेद खान की कपड़ों की दुकान से करीब 15,450 रुपये के कपड़े खरीदे थे। इसके बाद फेक एप के जरिए भुगतान दिखाकर दुकानदार को धोखा दिया। आरोपियों पर दुकान से एक थैला चोरी करने का भी आरोप है, जिसमें दो टी-शर्ट और एक पैंट रखी थी।
पेट्रोल पंप पर भी की ठगी
पुलिस के अनुसार कपड़ों की दुकान से निकलने के बाद आरोपी बरेली की ओर जा रहे थे। रास्ते में कटरा क्षेत्र के पास एक पेट्रोल पंप पर उन्होंने अपनी बुलेट बाइक में 500 रुपये का पेट्रोल भरवाया। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारी को धमकाया और बिना पैसे दिए मौके से फरार हो गए।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
