पीलीभीत : अपने तीखे बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को “माफिया पार्टी” बताते हुए कहा कि “जितना बड़ा गुंडा, उतना बड़ा सपाई”। मंत्री का यह बयान अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
“वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट नहीं, वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया चलता था”
संजय सिंह गंगवार ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” योजना पर काम कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार में “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की व्यवस्था चलती थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 75 जिले हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी में माफियाओं की संख्या उससे भी ज्यादा थी। मंत्री ने कहा कि समय के साथ हालात ऐसे हो गए थे कि “वन डिस्ट्रिक्ट 10 माफिया” जैसी स्थिति बन गई थी।
पीलीभीत से विधायक हैं संजय सिंह गंगवार
संजय सिंह गंगवार पीलीभीत शहर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और वर्तमान में योगी सरकार में गन्ना एवं चीनी मिल राज्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह अक्सर विपक्ष और खासकर समाजवादी पार्टी पर अपने आक्रामक बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। इससे पहले भी सड़क पर नमाज़, कानून व्यवस्था और माफियाओं को लेकर दिए गए उनके बयान राजनीतिक बहस का हिस्सा बन चुके हैं।
बयान के बाद बढ़ी राजनीतिक चर्चा
मंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा और सपा के बीच पहले से जारी राजनीतिक टकराव के बीच यह बयान नए विवाद को जन्म दे सकता है। हालांकि समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
