नई दिल्ली : ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह अवकाश 27 मई को घोषित किया गया था, लेकिन अब प्रशासन की ओर से जारी संशोधित आदेश के अनुसार 28 मई को छुट्टी रहेगी। चांद दिखने और पर्व की तिथि तय होने के बाद यह फैसला लिया गया है। अब सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और अन्य संस्थानों में 28 मई को अवकाश रहेगा।
ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे होगी नमाज़
लखनऊ के ऐशबाग स्थित ईदगाह में बकरीद की नमाज़ 28 मई को सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। धर्मगुरुओं ने लोगों से समय से ईदगाह पहुंचने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही लोगों से कहा गया है कि सड़कों पर नमाज़ अदा न करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और अवशेष खुले में न फेंकने की भी अपील की गई है।
धार्मिक परंपराओं के साथ नियमों के पालन पर जोर
धर्मगुरुओं ने कहा कि धार्मिक परंपराओं के साथ प्रशासनिक नियमों और सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन करना भी जरूरी है। मुस्लिम समाज से खुले में कुर्बानी न करने और निर्धारित स्थानों पर ही धार्मिक कार्य करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
पीस कमेटी की बैठक में भी जारी हुई अपील
लखनऊ में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में लोगों से मस्जिद परिसरों में ही नमाज़ अदा करने और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। बैठक में साफ-सफाई, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने और नगर निगम की ओर से अतिरिक्त साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।
