परिवार, समर्थकों और सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, सपा प्रमुख बोले- “आए सभी लोगों का आभार”
एसपी चीफ का पेट्रो पदार्थों के दाम बढ़ने पर तंज -भाजपा चला रही बोरी में चोरी वाला फार्मूला, भयभीत भाजपा अब कागज़ी कवच ढूंढ रही
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित शांति प्रार्थना सभा में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने दिवंगत प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान परिवार के सदस्य, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। शांति सभा के दौरान माहौल भावुक नजर आया। अखिलेश यादव ने सभी आगंतुकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमारे शोकाकुल परिवार की तरफ़ से आये हुए सभी लोगों का आभार।”सभा में पहुंचे नेताओं और समर्थकों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान सादगी और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की बात कही।

तेल की कीमतों पर अखिलेश का हमला, बोले- ‘भाजपा चला रही बोरी में चोरी वाला फार्मूला’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार कीमत बढ़ाने के बजाय मात्रा घटाने का तरीका अपना रही है। उन्होंने इसे “बोरी में चोरी वाला फार्मूला” बताया।अखिलेश यादव ने कहा कि तेल की बढ़ती कीमतों और भाजपा के “कमीशन” का सीधा संबंध है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया चुनाव में खर्च किए गए पैसों की भरपाई के लिए जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की जेब पर डाका डालकर अपना खजाना भरने में लगी है।

बिजली संकट पर एसपी चीफ बड़ा हमला, बोले- ‘भयभीत भाजपा अब कागज़ी कवच ढूंढ रही’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली संकट और कटौती को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ते जनआक्रोश से घबराए भाजपा विधायक और सांसद अब “कागज़ी कवच” के जरिए खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ये चिट्ठियां जनता के हित में नहीं, बल्कि भविष्य में विपक्ष से टिकट पाने की तैयारी हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भीषण गर्मी में बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने भाजपा के “डबल इंजन” पर तंज कसते हुए कहा कि आपसी टकराव का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता की मांगों की अनदेखी कर सिर्फ अपना खजाना भरने में लगी है। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा— “जन-जन कहे आज का, भार बन गयी भाजपा!”
