बरेली : यूपी के बरेली देहात के आंवला स्थित मनौना धाम से एक डेढ़ साल के मासूम के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। गायब बच्चे की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध लोग बच्चे के साथ दिखाई देने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वहीं जांच के दौरान सामने आई जानकारियों ने पुलिस की तफ्तीश को नई दिशा दे दी है।
मनौना धाम से खेलते-खेलते मासूम गायब
जानकारी के अनुसार, मनौना धाम मंदिर में बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के असगुना गांव निवासी रमन सफाई कर्मचारी के रूप में काम करते हैं। रमन ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उनके तीनों बच्चे खेलते हुए मुख्य सड़क की ओर चले गए थे। कुछ समय बाद दो बच्चे खीरा खाते हुए वापस लौट आए, लेकिन डेढ़ वर्षीय ऋषभ वापस नहीं आया। इसके बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने बेटे के अपहरण की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दो संदिग्ध बच्चों को खीरा खिलाने के बहाने ले गए, जांच में जुटी पुलिस
जांच के दौरान सामने आया है कि दो संदिग्ध लोग बच्चों के साथ गए हैं। बताया जा रहा है कि दो लोग बच्चों को खीरा खिलाने के बहाने अपने साथ ले गए थे, जिनमें से एक बच्चे को वे अपने साथ लेकर चले गए। बच्चों की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि कुछ लोग उनके पास आए थे, हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

पांच टीमें गठित, मोबाइल नंबरों की भी हो रही जांच
इस मामले में सीओ आंवला ने THE JUSTICE HINDI को बताया कि बच्चे की तलाश और मामले की जांच के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं और लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं बच्चे की मां के अलग-अलग बयानों और अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।पुलिस कुछ मोबाइल नंबरों की भी पड़ताल कर रही है ताकि बच्चे तक जल्द पहुंचा जा सके।थाना आंवला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
