लखनऊ : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात सड़क सुरक्षा ए सतीश गणेश की जिम्मेदारी बढ़ाते हुए उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक अपराध उत्तर प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं जय नारायण सिंह को पुलिस महानिदेशक ईओडब्ल्यू उत्तर प्रदेश, लखनऊ नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह यूपी पावर कॉरपोरेशन में तैनात थे। आईपीएस ध्रुव कांत ठाकुर को पुलिस महानिदेशक और महासमादेष्टा होमगार्ड यूपी के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा विभाग की भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनोद कुमार सिंह को पुलिस महानिदेशक सीआईडी यूपी के साथ साइबर क्राइम और यूपी 112 लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा आलोक सिंह को पीएसी मुख्यालय के साथ विशेष सुरक्षा बल की जिम्मेदारी मिली है। अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। डॉ. आरके स्वर्णकार को यूपी पावर कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी दी गई है सरकार ने गीता सिंह को पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण निदेशालय और एसके भगत को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन नियुक्त किया है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही प्रदेश सरकार ने कई आईएएस और 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और कानून व्यवस्था को और मजबूत करना है।
