NDRF-SDRF और रेलवे टीम ने संयुक्त रूप से किया राहत एवं बचाव अभ्यास
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर रेल मंडल ने रेल दुर्घटना जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए हल्दी रोड रेलवे स्टेशन पर फुलस्केल मॉकड्रिल आयोजित की। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में रेलवे अधिकारियों के साथ एनडीआरएफ गदरपुर और एसडीआरएफ काशीपुर (उत्तराखंड) की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। मॉकड्रिल के तहत हल्दी रोड स्टेशन यार्ड में एक काल्पनिक दुर्घटना का दृश्य तैयार किया गया। बताया गया कि मालगाड़ी लाइन संख्या-4 से लाइन संख्या-3 में शंटिंग के दौरान कैंप कोच से टकरा गई, जिससे कोच के चार पहिए पटरी से उतर गए।

कंट्रोल रूम को दी सूचना, और अलर्ट
इस घटना की सूचना दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर इज्जतनगर मंडल कंट्रोल रूम और 1 बजकर 24 मिनट पर मंडल कार्यालय में हूटर एवं टेलीफोन के माध्यम से अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, डॉ. एस.एस. चौहान, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रेडतौलिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। जिला प्रशासन, सिविल पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्काउट-गाइड और नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्य भी राहत कार्य में शामिल हुए।
हेल्पलाइन जारी, सहायता बूथ भी बनाए
रेलवे प्रशासन ने मॉकड्रिल के दौरान वास्तविक स्थिति की तरह कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर जारी किए और हल्दी रोड व लालकुआं रेलवे स्टेशनों पर सहायता बूथ स्थापित किए।एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर घायल रेल कर्मियों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने का अभ्यास किया।इज्जतनगर मंडल और आसपास के निजी व सरकारी अस्पतालों से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को भी मौके पर बुलाया गया।
लालकुआं से दुर्घटना राहत ट्रेन
इस सूचना के बाद लालकुआं से दुर्घटना राहत ट्रेन और दुर्घटना चिकित्सा सहायता गाड़ी तत्काल रवाना की गई। इन संसाधनों की मदद से डीरेल्ड कोच को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर दोपहर 2 बजकर 38 मिनट पर मॉकड्रिल समाप्त घोषित कर दी गई। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने पूरे अभ्यास की समीक्षा करते हुए इसे पूरी तरह सफल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संयुक्त अभ्यासों से रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के बीच बेहतर समन्वय विकसित होता है और नई तकनीकों व अनुभवों का आदान-प्रदान होता है।
रेलवे क्रासिंग 12 घंटे को बंद
मुजरिया-कछला मार्ग पर रेलवे फाटक 12 घंटे रहेगा बंद, यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी बितरोई-मानपुर नगरिया रेलखंड पर ओवरहॉलिंग कार्य के चलते 21 मई रात 8 बजे से 22 मई सुबह 8 बजे तक यातायात बंद रहेगा।पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने जानकारी दी है कि बितरोई -मानपुर नगरिया स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 388/13-14 पर स्थित समपार संख्या 294/बी (मुजरिया-कछला मार्ग) पर सावधिक ओवरहॉलिंग और मरम्मत कार्य किया जाएगा। रेल प्रशासन के अनुसार यह रेलवे फाटक 21 मई 2026 की रात 8 बजे से 22 मई 2026 की सुबह 8 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सड़क यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा। रेलवे ने बताया कि यात्रियों और वाहन चालकों के लिए कछला देहात स्थित समपार संख्या 295/सी को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया है।
