पीलीभीत : जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रैक्टर से स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। स्टंट के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो युवक का साथी मोबाइल में रिकॉर्ड करता रहा, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कैमरे में लाइव मौत कैद हो जाएगी। घटना दियोंरिया कोतवाली क्षेत्र की माला नदी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक थाना बिलसंडा क्षेत्र के मुड़िया बिलहरा गांव निवासी राजेश एक भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक का काम करता था। बताया जा रहा है कि राजेश ट्रैक्टर की धुलाई करने के लिए माला नदी में गया था। इसी दौरान उसके मन में ट्रैक्टर से स्टंट करने का विचार आया और वह पानी के बीच ट्रैक्टर को घुमाकर करतब दिखाने लगा।
स्टंट के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टंट करते समय अचानक राजेश का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया और स्टीयरिंग उसके हाथ से छूट गई। ट्रैक्टर पानी में अनियंत्रित होकर घूमने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे दूर हटने की चेतावनी दी, लेकिन वह दोबारा ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रैक्टर के नीचे आ गया। कुछ ही पलों में ट्रैक्टर पानी में पलट गया और राजेश उसके नीचे दबकर डूब गया।

परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राजेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
