बरेली: शहर के थाना सीबीगंज क्षेत्र में युवती नीतू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या शक और आपसी विवाद के बाद की गई थी। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन बातचीत के दौरान हुए विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया।
खेत में मिला था युवती का शव
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को दिल्ली-लखनऊ हाईवे से लगभग 300 मीटर दूर ग्राम खना गौटिया के पास एक खाली खेत में युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान मृतका की पहचान शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर निवासी नीतू के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में युवती के गले पर दबाव के निशान पाए गए, जिसके बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने कई टीमें गठित की। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस को रामपुर निवासी अशोक कुमार के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, 17 मई की रात थाना सीबीगंज पुलिस दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी काले रंग की पल्सर बाइक से हाईवे की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्यूलिया अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
आरोपी के पास से तमंचा और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक और मृतका का पर्स बरामद किया है। पर्स में आधार कार्ड, वोटर आईडी, काला चश्मा और डीएलएड परीक्षा से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।
पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नीतू को करीब छह वर्षों से जानता था। दोनों पहले एक ही स्कूल में पढ़ चुके थे और समय के साथ बातचीत बढ़ती रही। आरोपी के अनुसार, वह नीतू से शादी करना चाहता था और डीएलएड परीक्षा के दौरान उसे परीक्षा केंद्र तक लाने और ले जाने का काम भी करता था। आरोपी ने बताया कि उसने नीतू के मोबाइल में कुछ अन्य लोगों की फोटो और चैट देखी थीं, जिसके बाद उसे शक होने लगा। 15 मई को परीक्षा समाप्त होने के बाद इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी।
परिवार को गुमराह करने की भी कोशिश
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया और परिजनों को भी लगातार गुमराह करने की कोशिश करता रहा। हालांकि पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
