बदायूं : जिले में चुनावी हलचल लगातार तेज होती जा रही है। सहसवान विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी कर रहे सपा नेता गजेंद्र यादव आज ग्राम हमूपुर चमरपुरा स्थित प्रसिद्ध दरगाह आस्ताने गौसिया पहुंचे। यहां उन्होंने दरगाह के गद्दी नशीन ख्वाजा हमीदद्दीन कादरी और पूर्व प्रदेश सचिव शोएब नकवी आगा के साथ अकीदत के फूल पेश करते हुए चादरपोशी की और क्षेत्र में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी। दरगाह पहुंचने पर स्थानीय लोगों और समर्थकों ने गजेंद्र यादव का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक और राजनीतिक माहौल देखने को मिला।
जनता की समस्याओं को बताया प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत करते हुए सपा नेता गजेंद्र यादव ने कहा कि वह हमेशा क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी वह जनता की आवाज बनकर हर संघर्ष में उनके साथ खड़े रहेंगे। गजेंद्र यादव ने कहा कि सहसवान क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, किसानों की समस्याएं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी की नीतियों को जनहितकारी बताते हुए कहा कि पार्टी हमेशा गरीब, किसान और युवाओं की आवाज उठाती रही है।
चुनावी सरगर्मियां हुई तेज
सहसवान विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां अब तेजी पकड़ती नजर आ रही हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं ने जनता के बीच पहुंचना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गजेंद्र यादव का यह दौरा भी राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने क्षेत्र में सुख-शांति और विकास की दुआ मांगी।
