मुरादाबाद : शहर के पॉश इलाके कांठ रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग में खड़ी दो कारों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों कारों को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के दौरान कारों में ब्लास्ट जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पार्किंग से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों कारें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं। घटना के बाद कार मालिकों ने विशाल मेगा मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि पार्किंग क्षेत्र में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और वहां लगे फायर इक्विपमेंट भी खराब हालत में पड़े दिखाई दिए।
मेगा मार्ट प्रबंधन के खिलाफ लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी व्यावसायिक इमारत में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट की बताई जा रही है।
रिपोर्ट: रेहान
