जमात रज़ा ए मुस्तफ़ा ने जारी किया बयान, 19 मई को होगी 1 ज़िल हिज्जा
बरेली : जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खां उर्फ फ़रमान मियां ने बताया कि आज ज़िल क़दा की 29 तारीख को ज़िल हिज्जा का चाँद नजर नहीं आया। इसके चलते इस्लामी कैलेंडर के अनुसार कल 30 ज़िल क़दा माना जाएगा और 19 मई से 1 ज़िल हिज्जा की शुरुआत होगी।उन्होंने कहा कि मौजूदा हिसाब से 28 मई को 10 ज़िल हिज्जा पड़ेगी। जिसके चलते उसी दिन ईद-उल-अज़हा यानी बकरीद मनाई जाएगी। यह जानकारी चांद देखने की प्रक्रिया और इस्लामी तारीखों के आधार पर जारी की गई है। फ़रमान मियां ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि देश के किसी हिस्से से चांद दिखाई देने की कोई प्रमाणिक और शरई शहादत प्राप्त होती है, तो उसके अनुसार नई सूचना जारी कर दी जाएगी।फिलहाल चांद नजर न आने के आधार पर यही तारीख तय मानी जा रही है। ईद-उल-अज़हा इस्लाम धर्म का महत्वपूर्ण त्योहार माना जाता है, जिसे कुर्बानी के पर्व के रूप में मनाया जाता है। चांद के ऐलान के बाद मुस्लिम समाज में त्योहार की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
