बरेली : यूपी के बरेली में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय 31 शातिर अपराधियों की क्लास (B) हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस के अनुसार इन अपराधियों पर गौवध, चोरी, लूट, डकैती, पशु क्रूरता, पशु चोरी, जुआ और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि इन हिस्ट्रीशीटर्स की गतिविधियों पर अब लगातार निगरानी रखी जाएगी।
कई थाना क्षेत्रों के अपराधी पुलिस के रडार पर
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सबसे अधिक कार्रवाई थाना इज्जतनगर में की गई, जहां 7 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इसके अलावा शहर के थाना बारादरी और बिथरी चैनपुर में 6-6, थाना आंवला में 5, थाना शीशगढ़ में 3 तथा बहेड़ी, शाही, फरीदपुर और भोजीपुरा में एक-एक अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
अपराध की श्रेणी में गौवध के सबसे अधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुल 31 अपराधियों में सबसे अधिक 21 आरोपी गौवध से संबंधित मामलों में शामिल पाए गए हैं। इसके अलावा पशु क्रूरता के 3, चोरी और लूट के 3, लूट एवं डकैती का 1, जुआ और मादक पदार्थ से जुड़ा 1, मारपीट और हत्या के प्रयास का 1 तथा पशु चोरी से संबंधित 1 अपराधी शामिल है।
थाना वार इन अपराधियों के नाम आए सामने
थाना बारादरी क्षेत्र से आजम, फैय्याज उर रहमान, नसीम उर्फ चुन्नू, जमीर अहमद, साहिबे आलम उर्फ छोटू और फईम शामिल हैं। वहीं इज्जतनगर से आबिद यार खान, जलालुद्दीन, सलीम, सादाब, नन्हे उर्फ मुकद्दर अली, मोहम्मद असलम और पंकज यादव के नाम शामिल हैं। आंवला क्षेत्र से नाजिम अली, अकरम कुरैशी, तौफिक, यासीन कुरैशी और नासीर कुरैशी को सूची में शामिल किया गया है। बिथरी चैनपुर क्षेत्र से मनोज पटेल, रंगीला, कमल पटेल, पप्पू, जाबिर उर्फ पिदू और केशव पटेल के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा शीशगढ़ क्षेत्र से अज्जू, नसीम और मिस्कू, बहेड़ी से सद्दाम, शाही से इरशाद, फरीदपुर से वहीद उर्फ अदिया तथा भोजीपुरा से नदीम कुरैशी उर्फ बड़े के नाम भी हिस्ट्रीशीटर सूची में शामिल किए गए हैं।
एसएसपी ने दिए लगातार निगरानी के निर्देश
एसएसपी अनुराग आर्य ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इन हिस्ट्रीशीटर्स की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और यदि भविष्य में कोई आपराधिक गतिविधि सामने आती है तो उनके खिलाफ तत्काल और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
