पीलीभीत। जनपद पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित किए और महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। स्मार्टफोन मिलने पर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मंच से संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आज का समय तकनीक का है और महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अगर सही दिशा और प्रशिक्षण प्राप्त करें तो तकनीकी क्षेत्र में भी बेहतर कार्य कर सकती हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कक्षाएं संचालित कराई जाएं, जिससे पीलीभीत को एक मॉडल जनपद बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने की मांग भी रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हित में काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार तक प्रस्ताव भेजकर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि जमीन पर काम करने में विश्वास रखती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और आने वाले समय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हित में और भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
