सपा प्रमुख बोले – पीडीए अब सहेगा नहीं, कहेगा, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा “PDA आरक्षण” को खत्म करने की साजिश कर रही है।सपा प्रमुख ने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश लगातार की जा रही है और जनता अब इस राजनीतिक रणनीति को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज देश की सबसे बड़ी सामाजिक ताकत है।
PDA ही भाजपा की सबसे बड़ी चुनौती
ट्वीट कर इशारा किया कि भाजपा को PDA की एकजुटता से राजनीतिक खतरा महसूस हो रहा है। इसलिए आरक्षण व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का माहौल बनाया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने सामाजिक न्याय और बराबरी के उद्देश्य से आरक्षण व्यवस्था लागू की थी, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियां लगातार उस मूल भावना को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी नौकरियों में भर्तियों की कमी, निजीकरण और नई व्यवस्थाओं के जरिए आरक्षण के दायरे को सीमित करने की कोशिश की जा रही है।
संविधान और आरक्षण बचाने के लिए जनता होगी एकजुट
सपा प्रमुख ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों वंचित लोगों के सम्मान और अधिकारों का सवाल है। उन्होंने कहा कि PDA समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी संविधान और आरक्षण बचाने के मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की अपील की और कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई लोकतंत्र की सबसे बड़ी लड़ाई है।
सपा प्रमुख बोले- सबका सम्मान ही समाजवादी नीति का आधार, भाषा में संयम जरूरी
शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और भाषा व व्यवहार में संयम बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं होनी चाहिए जिससे किसी को अपमान या ठेस पहुंचे। सपा प्रमुख ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाकर ही सामाजिक न्याय की स्थापना संभव है। उन्होंने PDA यानी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, पीड़ित अगड़े-पिछड़े और महिलाओं की एकता को समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।अखिलेश यादव ने दावा किया कि PDA की एकजुटता से 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
पीडीए अब सहेगा नहीं, कहेगा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, “वर्चस्ववादियों के सूचनार्थ- PDA अब सहेगा नहीं, कहेगा!”सपा प्रमुख ने भाजपा पर महिलाओं के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि“महिलाओं के आँसू निकालने वाले भाजपाई लोग महिला को आरक्षण देने का झूठ बोल रहे हैं।” अखिलेश यादव के इस बयान को PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को लेकर समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। सपा लगातार सामाजिक न्याय, महिला सम्मान और आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा की ओर से पहले भी महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं और फैसलों का हवाला दिया जाता रहा है।
