बरेली : यूपी के बरेली में अवैध निर्माणों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है।शनिवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना इज्जतनगर क्षेत्र में बिना स्वीकृति बन रही व्यावसायिक दुकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। प्राधिकरण के मुताबिक ग्राम करमपुर चौधरी, नैनीताल मुख्य मार्ग पर इंडिया पेट्रोल पंप के निकट इरफान द्वारा 4 व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में पाया गया कि यह निर्माण बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति और मानचित्र स्वीकृति के कराया जा रहा था, जिसके बाद तत्काल सीलबंदी की कार्रवाई की गई।
इस नियम के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई उ0प्र0 नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक अभियंता विनोद कुमार ने किया। इस दौरान अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी और प्रवर्तन टीम भी मौके पर मौजूद रही। बरेली विकास प्राधिकरण ने साफ कहा है कि विकास क्षेत्र में बिना अनुमति कराए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलबंदी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए अहम सलाह
प्राधिकरण ने आम लोगों को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि किसी भी प्रकार की जमीन, मकान या दुकान खरीदने से पहले विक्रेता से मानचित्र स्वीकृति और संबंधित अभिलेख जरूर जांच लें। यह सुनिश्चित कर लें कि संबंधित संपत्ति विकास प्राधिकरण से विधिवत स्वीकृत है, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई या नुकसान से बचा जा सके।
लगातार बढ़ रही अवैध निर्माणों पर कार्रवाई
शहर में तेजी से बढ़ रहे अनधिकृत निर्माणों को लेकर BDA लगातार अभियान चला रहा है। हाल के दिनों में कई इलाकों में अवैध कॉलोनियों, दुकानों और निर्माणों पर कार्रवाई की जा चुकी है।प्राधिकरण का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
