बरेली : यूपी के बरेली डीएम अविनाश सिंह का अनोखा अंदाज सामने आया है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब जिले के प्रशासन में भी दिखाई देने लगा है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम अविनाश सिंह तमाम जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ई-बस से पहुंचे और प्रशासनिक सादगी व जिम्मेदारी का संदेश दिया।
डीएम समेत कई अधिकारी ई-बस से पहुंचे
तहसील परिसर में उस समय लोगों की नजरें ठहर गईं, जब डीएम अविनाश सिंह अपने पूरे अफसर दल के साथ ई-बस से उतरे। उनके साथ डीपीआरओ, डीएसओ, एडीएम समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। आमतौर पर अधिकारियों को सरकारी गाड़ियों और लंबे काफिलों में देखा जाता है, लेकिन इस बार सभी अधिकारी एक साथ ई-बस से पहुंचे। वहां मौजूद लोगों और फरियादियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
एस्कॉर्ट हटाने के बाद साझा सफर और साइकिल पर जोर

बताया जा रहा है कि डीएम अविनाश सिंह पहले ही अपनी दोनों एस्कॉर्ट गाड़ियां हटाने का फैसला कर चुके हैं, ताकि डीजल की बचत हो और अनावश्यक खर्च कम किया जा सके। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को कम वाहन इस्तेमाल करने, साझा सफर करने और साइकिल जैसे वैकल्पिक साधनों को अपनाने की सलाह भी दी थी। इसका असर अब प्रशासनिक व्यवस्था में भी दिखाई देने लगा है और कई अधिकारी साझा वाहन व्यवस्था अपनाते नजर आ रहे हैं।
समाधान दिवस में सुनीं लोगों की समस्याएं
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। डीएम की यह पहल अब बरेली में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे प्रशासनिक बदलाव व जिम्मेदार नेतृत्व की मिसाल मान रहे हैं।
