लखनऊ : देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा परिणाम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। एक तरफ जहां छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है, वहीं कुल पास प्रतिशत में गिरावट ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है।
सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 में इस बार कुल पास प्रतिशत 85.20 फीसदी दर्ज किया गया है। पिछले साल की तुलना में इसमें 3.19 प्रतिशत की गिरावट आई है। यानी इस बार उम्मीदवारों की संख्या बढ़ने के बावजूद सफलता दर कम रही। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार परीक्षा का स्तर अपेक्षाकृत कठिन रहा, जिसके चलते परिणाम पर असर पड़ा है।
अगर संस्थानों के प्रदर्शन की बात करें तो केंद्रीय विद्यालय यानी केवी ने एक बार फिर सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। केवी का पास प्रतिशत 98.55 फीसदी रहा, जो सभी संस्थानों में सबसे अधिक है। इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय यानी जेएनवी दूसरे स्थान पर रहा, जहां 98.47 फीसदी छात्र सफल हुए। सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन भी काफी संतोषजनक रहा। सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 89.55 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में यह आंकड़ा 86.07 फीसदी रहा। वहीं ईएमआरएस यानी एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूलों का परिणाम 85.55 फीसदी रहा। प्राइवेट या स्वतंत्र स्कूलों का पास प्रतिशत 84.22 फीसदी दर्ज किया गया।
अब बात करते हैं क्षेत्रवार प्रदर्शन की। इस बार भी दक्षिण भारत के क्षेत्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। त्रिवेंद्रम रीजन ने सबसे बेहतर परिणाम दिया, जहां पास प्रतिशत 95.62 फीसदी रहा। दूसरे स्थान पर चेन्नई रहा, जहां 93.84 फीसदी छात्र सफल हुए। बेंगलुरु 93.19 फीसदी के साथ तीसरे नंबर पर रहा। विजयवाड़ा का पास प्रतिशत 92.77 फीसदी दर्ज किया गया। दिल्ली क्षेत्र का प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा। दिल्ली पश्चिम में 92.34 फीसदी और दिल्ली पूर्व में 91.73 फीसदी छात्र सफल हुए। अहमदाबाद रीजन का परिणाम 90.60 फीसदी रहा।
अगर उत्तर भारत के प्रमुख क्षेत्रों की बात करें तो गुरुग्राम में 88.45 फीसदी, लुधियाना में 87.92 फीसदी और अजमेर में 86.78 फीसदी छात्र पास हुए। वहीं पंचकूला का पास प्रतिशत 85.73 फीसदी रहा। उत्तर प्रदेश की बात करें तो लखनऊ रीजन का परिणाम 82.21 फीसदी दर्ज किया गया। जबकि प्रयागराज क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे कमजोर क्षेत्रों में शामिल रहा, जहां पास प्रतिशत केवल 72.43 फीसदी रहा। पटना रीजन का परिणाम भी अपेक्षाकृत कम रहा, जहां 74.45 फीसदी छात्र सफल हुए।
इस बार छात्राओं ने फिर साबित कर दिया कि वे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 में लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 82.13 फीसदी दर्ज किया गया। यानी छात्राओं ने छात्रों से 6.73 फीसदी बेहतर प्रदर्शन किया है। सबसे खास बात यह रही कि ट्रांसजेंडर छात्रों ने लगातार शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। इस वर्ग का पास प्रतिशत इस बार भी 100 फीसदी रहा, जिसे लेकर शिक्षा जगत में काफी सराहना हो रही है।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अब अपने स्कोरकार्ड ऑनलाइन देख सकते हैं। सीबीएसई ने छात्रों के लिए रिजल्ट चेक करने की प्रक्रिया भी आसान रखी है। छात्र सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद ‘CBSE 12th Result 2026’ लिंक पर क्लिक करें। फिर रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्म तिथि दर्ज कर सबमिट करें। इसके बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। छात्र भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैं।
रिजल्ट जारी होने के साथ ही अब छात्रों के सामने आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर नए फैसले लेने की चुनौती भी होगी। कई छात्र अब कॉलेज एडमिशन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट जाएंगे। वहीं जिन छात्रों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, उनके लिए भी बोर्ड सुधार परीक्षा और अन्य विकल्प उपलब्ध कराएगा। फिलहाल सीबीएसई 12वीं परीक्षा 2026 के नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि इस बार प्रतिस्पर्धा पहले से ज्यादा कठिन रही, लेकिन मेहनत करने वाले छात्रों ने हर चुनौती को पार करते हुए शानदार सफलता हासिल की है।
