लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लेखपाल भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी यूपीएसएसएससी ने 21 मई को होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा के लिए परीक्षा जिलों की सूची जारी कर दी है। जिलों की सूची जारी होने के बाद अब अभ्यर्थी अपनी यात्रा और परीक्षा से जुड़ी तैयारियां पहले से कर सकेंगे। यह भर्ती अभियान प्रदेश की सबसे बड़ी सरकारी भर्तियों में से एक माना जा रहा है।
दरअसल इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 7 हजार 994 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। आयोग के मुताबिक मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अब परीक्षा शहरों की जानकारी जारी कर दी गई है। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सूची केवल परीक्षा शहर और परीक्षा समय की जानकारी देने के उद्देश्य से जारी की गई है।
यूपीएसएसएससी ने कहा है कि जारी की गई सूची को एडमिट कार्ड नहीं माना जाएगा और इसके आधार पर किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग के अनुसार विस्तृत परीक्षा केंद्र, केंद्र का पूरा पता और जरूरी दिशा-निर्देशों वाला एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब 4 से 5 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
आयोग ने यह व्यवस्था इसलिए लागू की है ताकि उम्मीदवारों को आखिरी समय में यात्रा और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण आयोग पहले से ही व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने में जुटा हुआ है। बता दें कि इस भर्ती परीक्षा के लिए प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा यानी पीईटी 2025 के आधार पर कुल 3 लाख 67 हजार अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसका मतलब है कि एक पद के लिए करीब 46 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। ऐसे में प्रतियोगिता काफी कड़ी मानी जा रही है।
आयोग ने परीक्षा का नया सिलेबस भी जारी किया है, जिसमें कुछ बड़े बदलाव किए गए हैं। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसकी अवधि दो घंटे तय की गई है। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों यानी ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्नों पर आधारित होगी। इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि गणित के स्थान पर डाटा इंटरप्रिटेशन को शामिल किया गया है। परीक्षा में इससे जुड़े लगभग 10 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अलावा कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी यानी आईटी से जुड़े विषयों को भी पहली बार सिलेबस का हिस्सा बनाया गया है।
आयोग ने यह भी साफ किया है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग यानी माइनस मार्किंग की व्यवस्था लागू रहेगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सवालों का जवाब बेहद सावधानी से देना होगा। गलत उत्तर देने पर अंक काटे जाएंगे। लेखपाल भर्ती को लेकर प्रदेशभर के युवाओं में काफी उत्साह है। लाखों उम्मीदवार कई महीनों से इस परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। अब परीक्षा जिलों की सूची जारी होने के बाद उम्मीदवारों ने अपनी रणनीति और यात्रा की तैयारी तेज कर दी है। वहीं आयोग भी परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए तैयारियों में जुटा हुआ है।
