एसपी चीफ ने कहा- चार्टर विमानों से घूमने वाले अब जनता को दे रहे बचत का ज्ञान, ये कैसा अमृतकाल जिसमें सोने की चिड़िया सहमी है, बांदा जिले का संगठन भंग…
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के लिए सबसे बड़ा संकट भाजपा खुद बन चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को अचानक “संकट” याद आ गया और अब जनता पर तरह-तरह की पाबंदियां थोपी जा रही हैं। सपा मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि अगर इतनी पाबंदियां लगानी पड़ रही हैं, तो फिर “पंच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था” का दावा कैसे पूरा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के हाथ से आर्थिक व्यवस्था की लगाम पूरी तरह छूट चुकी है। डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है, जबकि रुपया कमजोर होता जा रहा है।
सोने और खर्चों को लेकर सरकार पर तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को जनता से नहीं बल्कि भाजपा नेताओं और उनके “भ्रष्ट लोगों” से सोना खरीदने से रोकने की अपील करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आम जनता तो पहले ही महंगाई से परेशान है और सोना खरीदने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने भाजपा पर चुनावों के दौरान फिजूलखर्ची का आरोप लगाते हुए कहा कि हजारों चार्टर विमानों से यात्रा करने वाले और बड़े होटलों में रुकने वाले भाजपा नेता अब जनता को बचत और पाबंदियों का पाठ पढ़ा रहे हैं।
जनता में डर और निराशा फैल रही
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की अपीलों और आर्थिक पाबंदियों से बाजार में मंदी और महंगाई का डर बढ़ेगा। इससे आम लोगों में बेचैनी, घबराहट और निराशा का माहौल बन सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता में भरोसा पैदा करना होता है, न कि भय और अफरातफरी फैलाना।विदेश नीति और अर्थव्यवस्था पर भी साधा निशाना अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की विदेश नीति और गृह नीति दोनों को विफल बताया। उन्होंने कहा कि देश की पारंपरिक गुटनिरपेक्ष नीति से हटकर कुछ खास देशों और दबावों के साथ खड़े होने का नुकसान देश की जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, मंदी और आर्थिक संकट की मार किसान, मजदूर, युवा, गृहिणी और कारोबारी सभी पर पड़ रही है।
वोट मिलते ही भाजपा का खोट सामने आ गया
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीति, समाज और अर्थव्यवस्था तीनों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि चुनावी घपलों और नफरत की राजनीति से सामाजिक सौहार्द बिगड़ा है।अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब भाजपा की नीतियों से नाराज है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
सपा का बड़ा संगठनात्मक एक्शन, बांदा जिला कार्यकारिणी भंग
समाजवादी पार्टी ने बांदा जिले में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए जिला कार्यकारिणी और उससे जुड़े सभी प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी ने बांदा से जुड़े राज्य कार्यकारिणी पदाधिकारियों की सदस्यता भी समाप्त कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह फैसला संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सपा जल्द ही नए पदाधिकारियों की नियुक्ति कर संगठन में सक्रिय और मजबूत टीम तैयार करेगी।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन
समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट, मृतक और शिफ्टेड मतदाताओं के नाम दर्ज होने का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मांग की कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची को शुद्ध किया जाए। सपा का दावा है कि झांसी की गरौठा और मऊरानीपुर विधानसभा समेत कई बूथों पर एक ही मतदाता के नाम कई बार दर्ज हैं। पार्टी ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना जरूरी है।
चार्टर विमानों से घूमने वाले अब जनता को दे रहे बचत का ज्ञान
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को “संकट” याद आ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की आर्थिक और विदेश नीति पूरी तरह विफल हो चुकी है, जिससे महंगाई, बेरोजगारी और मंदी बढ़ रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की पाबंदियों और अपीलों से जनता में डर और निराशा फैल रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर चुनाव के दौरान फिजूलखर्ची करने और अब जनता को बचत का ज्ञान देने का आरोप भी लगाया।
ये कैसा अमृतकाल जिसमें सोने की चिड़िया सहमी है…
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि “ये कैसा अमृतकाल है, जिसमें सोने की चिड़िया सहमी हुई है।” उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक हालात को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय डर और पाबंदियों का माहौल बना रही है।
