जालंधर/फरीदकोट (पंजाब) : पंजाब में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जालंधर और फरीदकोट के कई स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। धमकी भरे ई-मेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को कार बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई है। इस सनसनीखेज धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अपनी शुकराना यात्रा के तहत जालंधर और फरीदकोट पहुंचे हुए हैं। इसी दौरान दोनों जिलों के कई स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले, जिसके बाद प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। जालंधर में बीएसएफ चौक के पास हाल ही में हुए एक्टिवा ब्लास्ट के बाद पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं, लेकिन अब स्कूलों को मिली धमकियों ने चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, जालंधर के बीएमसी चौक स्थित एपीजे स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। जैसे ही स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी मिली, तुरंत एहतियातन सभी छात्रों की छुट्टी कर दी गई और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया। स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अभिभावकों में भी डर फैल गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली गई और आसपास के इलाके की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। हालांकि शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं।
जालंधर की एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि शहर के करीब 5 से 6 स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिली हैं। पुलिस और साइबर क्राइम टीम धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी हुई है। ई-मेल कहां से भेजे गए और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि उन्हें क्लास के दौरान मैसेज दिखाकर बताया गया कि स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद तुरंत छुट्टी कर दी गई। कई बच्चे डरे हुए नजर आए, जबकि अभिभावक भी जल्दबाजी में स्कूल पहुंचे और अपने बच्चों को घर ले गए।
उधर फरीदकोट में भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की शुकराना यात्रा से पहले तीन शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल के जरिए सादिक के सरकारी कन्या स्कूल, दशमेश पब्लिक स्कूल और दशमेश डेंटल कॉलेज को धमकी भेजी गई। इसके बाद जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। पुलिस ने सभी संस्थानों को खाली करवाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। साइबर एक्सपर्ट्स धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।
