बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के आंवला तहसील क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की सरदार नगर ग्राम पंचायत में बना ओवरहेड पानी का टैंक अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में पांच ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब गांव के कुछ लोग टंकी के पास बैठे हुए थे।
टंकी गिरते ही मचा हड़कंप
अचानक टंकी के पिलर कमजोर होकर धंस गए और पूरी संरचना गिर गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। घायलों में डोरीलाल, अर्जुन,वीरपाल, रविंद्र और ननकू उर्फ वेदपाल शामिल हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटिया निर्माण का कहर
इस हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। जिसके चलते यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण टंकी के पिलर धंस गए, जिससे यह बड़ी दुर्घटना सामने आई। इस घटना ने सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कराई जाएगी और अगर निर्माण में लापरवाही या भ्रष्टाचार पाया गया तो संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
