बरेली : भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में ‘गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव’ विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 250 अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाग लिया।संगोष्ठी में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी कर्मचारियों को गर्मी के मौसम में सतर्क रहकर काम करने और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए समय-समय पर पानी पीना और धूप से बचाव बेहद जरूरी है।
गर्मी में सुरक्षा सबसे जरूरी
अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने सभी स्टेशनों पर यात्रियों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त पेयजल, पंखे और कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भीषण गर्मी में किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. यू.एस. नाग ने लू (हीट स्ट्रोक) से होने वाली बीमारियों और उनके बचाव के उपाय विस्तार से बताए। उन्होंने सलाह दी कि गर्मी में सूती और हल्के कपड़े पहनें, साथ में ओआरएस या नमक-चीनी का घोल रखें और समय-समय पर इसका सेवन करें। साथ ही सभी क्रू लॉबी में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
यात्रियों और कर्मचारियों की सेहत प्राथमिकता
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मंडल चिकित्सा अधिकारी डा. ऋषभ गाबा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से हीटवेव से बचाव और उपचार के महत्वपूर्ण चिकित्सीय पहलुओं पर जानकारी दी। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गर्मी के इस मौसम में कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
