बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में 32 वर्षीय एयर होस्टेस भानु प्रिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। एलाइंस एयर में कार्यरत भानु प्रिया का शव सुबह उनके घर में सोफे पर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
दिल्ली से लौटी थी एयर होस्टेस
प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है।पुलिस के अनुसार शरीर में विषाक्त पदार्थ के संकेत मिलने के चलते अब विसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। बताया जा रहा है कि भानु प्रिया सुभाषनगर के रामचंदपुरम कॉलोनी में अपनी मौसी बिंदु देवी के साथ रहती थीं। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह शनिवार को दिल्ली से ड्यूटी पूरी कर घर लौटी थीं।
ट्रांसफर के तनाव के बीच एयर होस्टेस की मौत
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि भानु प्रिया हाल ही में नौकरी से जुड़े ट्रांसफर को लेकर तनाव में थीं। एयरलाइन कंपनी ने उन्हें गुवाहाटी ट्रांसफर स्वीकार करने या नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया था, जिससे वह मानसिक दबाव में बताई जा रही थीं। घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों ने नहीं लगाया आरोप
फिलहाल परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है, जिनके जवाब अब जांच रिपोर्ट से ही सामने आएंगे।
