बरेली : खोए या चोरी हुए मोबाइल की तलाश में भटक रहे लोगों के लिए बरेली पुलिस ने बड़ी राहत भरी खबर दी है। पुलिस ने ‘मिशन मोबाइल’ के तहत करीब 65 लाख रुपये कीमत के 342 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। इस कार्रवाई ने न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली को सराहा जाने लायक बनाया, बल्कि आम जनता के भरोसे को भी मजबूत किया है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जब लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस मिले, तो माहौल किसी जश्न से कम नहीं था। कई लोग महीनों से अपने फोन की तलाश में थे, ऐसे में अचानक पुलिस से कॉल आने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। फोन मिलते ही कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
तकनीक का कमाल, पुलिस का धमाल
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि इस सफलता के पीछे सर्विलांस और साइबर टीम की लंबी और लगातार मेहनत है। टीम ने आधुनिक तकनीक, डेटा एनालिसिस और IMEI ट्रैकिंग के जरिए न सिर्फ बरेली बल्कि अन्य जिलों और राज्यों से भी मोबाइल फोन रिकवर किए।बरामद फोन में महंगे स्मार्टफोन से लेकर सामान्य कीपैड फोन तक शामिल हैं, जो अभियान की व्यापकता को दर्शाते हैं। मोबाइल पाने पहुंचे लोगों ने पुलिस की खुलकर तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा। एक महिला ने बताया कि उसके फोन में परिवार की यादें और जरूरी दस्तावेज थे, जो वापस मिलना उसके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता
एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराएं और अपने फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम जनता को राहत देना भी है। बरेली पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘मिशन मोबाइल’ आगे भी जारी रहेगा और जनता के खोए सामान को वापस दिलाने के लिए इसी तरह अभियान चलाए जाते रहेंगे।
